अम्बिकापुर। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल लीग चैंपियनशिप 2026 का गांधी स्टेडियम के बास्केटबॉल ग्राउंड में भव्य समापन हुआ। इस समापन अवसर पर खिलाड़ियों के बीच बेहद रोमांचक और कड़े फाइनल मुकाबले देखने को मिले, जिसके बाद मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी और सभी प्रतिभागियों को जिला स्तरीय सहभागिता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबलों में खिलाड़ियों का जबरदस्त दबदबा रहा। बालिका वर्ग के फाइनल में सरगुजा बॉलर्स और सरगुजा फाइटर्स के बीच शानदार भिड़ंत हुई, जिसमें शानदार खेल दिखाते हुए सरगुजा बॉलर्स ने 14-07 के अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में भी सरगुजा लायंस और सरगुजा ब्लैक पैंथर्स के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें निर्धारित समय तक चले कड़े संघर्ष के बाद सरगुजा लायंस ने बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।
इस गरिमामयी समापन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ विशिष्ट पूर्व खिलाड़ी व समाजसेवी संजय अग्रवाल और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य निशांत सिंह गोल्ड भी उपस्थित रहे। अतिथियों ने मैदान पर उतरकर विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों की पीठ थपथपाई और उन्हें पुरस्कृत किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का एक सशक्त माध्यम हैं, जो हमें अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का आह्वान किया कि वे इसी तरह निरंतर अभ्यास करते रहें ताकि भविष्य में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर सरगुजा व छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें।
इस सफल आयोजन पर प्रकाश डालते हुए राष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस लीग प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को अधिक से अधिक मैच खेलने का अनुभव प्रदान करना था, जिसमें संघ को पूरी तरह सफलता मिली है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में अद्भुत उत्साह और खेल भावना देखने को मिली। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी खिलाड़ियों को बेहतर मंच और अवसर देने के लिए ऐसी लीग प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाता रहेगा। इस सफल आयोजन में खिलाड़ियों के अभिभावकों और स्थानीय खेल प्रेमियों का भी विशेष सहयोग रहा, जिसके लिए बास्केटबॉल संघ ने सभी का आभार व्यक्त किया। चैंपियनशिप को सुचारू रूप से संपन्न कराने में टेक्निकल ऑफिशियल के रूप में रजत सिंह, सुनैना जायसवाल, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा और रिमझिम मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने बेहद महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका निभाई।
