जगदलपुर। बस्तर संभाग के युवाओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में करियर बनाने का एक बेहतरीन अवसर सामने आया है। जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षकों के विभिन्न पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इस भर्ती के लिए इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आगामी 21 जून 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने के लिए विभाग द्वारा एक आधिकारिक गूगल फॉर्म लिंक (https://forms.gle/3vFDv53ah8TDnD4X8) जारी किया गया है, जहाँ उम्मीदवार अपनी सामान्य जानकारी दर्ज कर पंजीकरण करा सकते हैं। पात्रता और भर्ती से जुड़ी किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी का अवलोकन भी इसी लिंक पर किया जा सकता है।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, चयनित और योग्य आवेदकों के लिए सीधे साक्षात्कार यानी वॉका-इन-इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा। यह इंटरव्यू 30 जून 2026 को सुबह 09:00 बजे से शाम 07:00 बजे तक प्रयास आवासीय विद्यालय, धुरगुड़ा (जगदलपुर) में आयोजित होगा। साक्षात्कार के दिन अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी आवश्यक मूल शैक्षणिक दस्तावेज, दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, कार्य अनुभव प्रमाण पत्र और इन सभी की सेल्फ-अटेस्टेड फोटोकॉपी लाना अनिवार्य होगा। इस भर्ती के जरिए एकलव्य विद्यालयों में उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
