बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के अंतर्गत आने वाली धार्मिक नगरी रतनपुर में उस समय कौतूहल की स्थिति निर्मित हो गई, जब सुबह बिकमा तालाब के किनारे मगरमच्छ के छह बच्चे रेंगते हुए दिखाई दिए। स्थानीय लोगों के अनुसार, संभवतः मादा मगरमच्छ ने तालाब के किनारे अंडे दिए थे, जिनमें से हाल ही में ये बच्चे बाहर आए हैं। सुबह के समय जब ग्रामीण तालाब में नहाने पहुंचे, तब उनकी नजर इन नन्हे मगरमच्छों पर पड़ी। ग्रामीणों ने बिना देर किए इसकी सूचना तत्काल रतनपुर पुलिस और वन विभाग को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम और स्थानीय वार्ड पार्षद मनोज कुमार पाटले तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से सभी छह बच्चों को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया और उन्हें वन विभाग के कार्यालय ले जाया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इन बच्चों को उनके प्राकृतिक आवास, खुटाघाट डैम में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया।
हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बिकमा तालाब में अभी भी लगभग तीन बड़े मगरमच्छ मौजूद हैं, जिससे खतरा टला नहीं है। वन्यप्राणियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र की निगरानी कर रही है। साथ ही, प्रशासन ने मुनादी कराकर लोगों से तालाब के पास सावधानी बरतने की अपील की है और किसी भी अप्रिय स्थिति या वन्यजीव के दिखने पर तुरंत सूचित करने के निर्देश दिए हैं।
