जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सामाजिक बहिष्कार और समाज में दोबारा शामिल करने के नाम पर लाखों रुपये की अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। थाना पत्थलगांव पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दर्ज प्रकरण की विवेचना करते हुए बंजारा समाज के तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत यह कार्रवाई की गई है।
ग्राम बटुराबहार निवासी पीड़ित गोपाल बंजारा ने कोरबा न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में परिवाद दायर कर आरोप लगाया था कि उन्हें समाज से बहिष्कृत कर दिया गया था। इसके बाद जब उन्होंने समाज में पुनः शामिल होने का अनुरोध किया, तो तत्कालीन अध्यक्ष शेखर प्रसाद बंजारा, सचिव महेंद्र बंजारा तथा वर्तमान अध्यक्ष नंदकिशोर बंजारा व सचिव श्यामलाल बंजारा ने उनसे ₹2 लाख की अनुचित मांग की। प्रार्थी के अनुसार, दबाव के चलते उन्होंने 23 सितंबर 2022 को अलग-अलग बैंक खातों से कुल ₹1 लाख ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए थे, जिसमें ₹60,000 फोन-पे के जरिए और ₹40,000 एक मित्र के खाते से भेजे गए थे। इसके बावजूद पदाधिकारियों द्वारा फिर से रकम की मांग की जा रही थी, जिससे तंग आकर पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के निर्देश पर पहले थाना सिविल लाइन रामपुर (कोरबा) में जीरो पर अपराध पंजीबद्ध किया गया और फिर घटनास्थल पत्थलगांव क्षेत्र होने के कारण केस डायरी पत्थलगांव थाने भेजी गई। पत्थलगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर बैंक ट्रांजेक्शन के साक्ष्य जुटाए और गवाहों के बयान दर्ज किए। प्रथम दृष्टया अवैध वसूली और प्रताड़ना की पुष्टि होने पर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम बटुराबहार (गौटियापारा) से आरोपी शेखर प्रसाद बंजारा को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति को समाज से बहिष्कृत करना और फिर वापसी के नाम पर धन की मांग करना कानूनन जुर्म है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि प्रकरण में शामिल अन्य नामजद फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। सामाजिक दबाव बनाकर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
