जशपुर। किसानों के हक पर डाका डालने वाले अवैध कारोबारियों और जमाखोरों के खिलाफ जशपुर जिला प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर रोहित व्यास के सख्त निर्देशों के बाद हरकत में आए कृषि विभाग ने मंगलवार को विकासखंड बगीचा के ग्राम चम्पा में एक बड़ी छापेमारी को अंजाम दिया। यहाँ उप संचालक कृषि एमआर भगत के नेतृत्व में बनी संयुक्त टीम ने नईम अख्तर नाम के व्यक्ति के निवास पर औचक दबिश दी, जहाँ बिना किसी वैध दस्तावेज और लाइसेंस के भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित करके रखी गई 141 बोरी उर्वरक बरामद की गई। जब्त की गई इस खेप में 25 बोरी डीएपी, 10 बोरी एसएसपी और 106 बोरी यूरिया शामिल है, जिसे विभाग ने तुरंत अपने कब्जे में लेकर उसके क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है।
इस पूरी कार्रवाई को मुस्तैदी से अंजाम देने वाली टीम में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लालसाय केरकेट्टा, उर्वरक निरीक्षक क्रुसलीना मिंज और संबंधित ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी शामिल रहे, जिन्होंने मौके पर ही पूरी मुस्तैदी के साथ जब्ती का सुपुर्दनामा तैयार किया। कृषि विभाग ने साफ कर दिया है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच पूरी होते ही आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार पुलिस में प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, जिले में खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी, नकली उर्वरकों की बिक्री और निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बेचे जाने की मिल रही शिकायतों के बाद कलेक्टर ने सभी विकासखंडों में जिला स्तरीय टीमों को पूरी तरह एक्टिव कर दिया है।
कृषि विभाग ने खुले तौर पर चेतावनी दी है कि उर्वरक नियंत्रण आदेश और संबंधित अधिनियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यापारी या व्यक्ति को कतई बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही, अन्नदाताओं को इस अवैध खेल से बचाने के लिए कृषि विभाग ने किसानों से भी एक खास अपील की है। किसानों से कहा गया है कि वे किसी भी झांसे में न आएं और केवल शासन द्वारा अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद-बीज की खरीदी करें। साथ ही, खरीदारी के समय पक्का बिल जरूर प्राप्त करें। विभाग ने साफ किया है कि अगर कहीं भी कालाबाजारी या तय दाम से ज्यादा वसूली की जानकारी मिले, तो उसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग को दें, ताकि दोषियों पर ऐसा कड़ा एक्शन लिया जा सके जो दूसरों के लिए नजीर बने।
