बस्तर। केंद्रीय जेल जगदलपुर से एक दुखद खबर सामने आई है, जहाँ नक्सल मामलों में सजा काट रहे एक 35 वर्षीय कैदी की बाथरूम में फिसलकर गिरने से मौत हो गई। मृतक कैदी की पहचान रमेश कुंजाम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लिंगापुर का रहने वाला था।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात रमेश बाथरूम गया था, जहाँ फर्श पर बिखरे पानी के कारण उसका पैर अचानक फिसल गया। गिरने की वजह से उसके सिर पर गंभीर चोट आई। हादसे के वक्त रमेश की चीख सुनकर वहां मौजूद अन्य कैदी तुरंत मौके पर पहुंचे और जेल प्रहरियों को इसकी सूचना दी। प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे फौरन महारानी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने शुक्रवार को इस पूरे मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रमेश कुंजाम पर कुल तीन नक्सल मामले चल रहे थे, जिसके चलते उसे पहले केंद्रीय जेल दंतेवाड़ा में रखा गया था। बाद में, नवंबर 2025 में उसे प्रशासनिक कारणों से जगदलपुर के केंद्रीय जेल में शिफ्ट किया गया था। पुलिस ने इस अनहोनी की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। जेल परिसर के भीतर हुई इस घटना के बाद से प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है।
