पूर्व बीजेपी विधायक के पुत्र व जिला युवा मोर्चा के प्रभारी रहे अविनाश सिंह कांग्रेस में शामिल

रायपुर  भाजपा के पूर्व विधायक ठाकुर भूपेंद्र सिंह के बेटे ठाकुर अविनाश सिंह कांग्रेस में शामिल हो गये हैं। नेता-प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव के समक्ष आज अविनाश सिंह ने निःशर्त कांग्रेस में प्रवेश किया। अविनाश सिंह मुंगेली जिला भाजपा युवा मोर्चा के पहले अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके साथ ही वे प्रदेश के चार जिला कोरिया, जांजगीर-चांपा, रायपुर ग्रामीण और गौरेला-पेंड्रा के प्रभारी रह चुके हैं।

वही अविनाश सिंह के पिता ठाकुर भूपेंद्र सिंह भाजपा के बड़े नेता हैं। भूपेंद्र सिंह अभी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय कृषि मृदा कल्याण समिति के भी सदस्य हैं। इसके पूर्व वे भाजपा किसान मोर्चा में बिहार के प्रभारी और छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के साथ बिलासपुर जिला भाजपा अध्यक्ष रह चुके हैं।

अविनाश सिंह ने कहा कि कांग्रेस में जाना उसके लिए सही फैसला है। वे एक किसान है और भाजपा सरकार ने लगातार किसानों की उपेक्षा की है, वादाखिलाफी की है। इससे वे बहुत दुःखी थे। भाजपा के भीतर पूंजीवादी सोच का बोल-बाला है। पूंजीपति पार्टी में हावी है। पार्टी के अंदर, प्रशासनिक आतंकवाद का छाया है। इसलिए उन्होंने काफी सोच समझ कर निर्णय लिया है। वे किसी पद के लालच में नहीं आये हैं। न ही उनके मन में किसी तरह की कोई महत्वकांक्षा है और ना ही विधानसभा चुनाव को लेकर कोई दावेदारी है। वे पार्टी के भीतर रहकर संगठन में काम करना चाहते है।

नेता-प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव ने कहा कि अविनाश सिंह के आने से जाहिर तौर पर कांग्रेस को फायदा होगा। आम जनता के साथ-साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं का भी भाजपा सरकार से मोह भंग हो गया है। अब राज्य से भाजपा सरकार  का पतन होना तय है।