अम्बिकापुर की सड़क पर सफ़र करने वाले इन चीजों का रखें ध्यान, नहीं तो सूरत के साथ सेहत हो सकती है ख़राब

छत्तीसगढ़ का अम्बिकापुर शहर साफ सफाई के मामले में नंबर वन है। इस शहर की चर्चा देशभर में होती है। लेकिन अम्बिकापुर शहर की खूबसूरती पर एक चीज दाग लगा रही है। वह है शहर की खराब सड़कें और सड़कों पर बड़े बड़े गड्ढे। इसके अलावा सड़क में उड़ने वाली धूल ने भी लोगों को परेशान कर रखा है। अम्बिकापुर शहर के सड़कों की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि बरसात के मौसम में सड़कों के गड्ढों में पानी भर जाता है। इसके बाद ठंड और गर्मी के मौसम में उसी सड़क से धूल के गुब्बारे निकलते है। इससे इन मार्गों पर सफर करने वालों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शासन प्रशासन को इस ओर ध्यान देने की जरूरत है।

बता दें कि, अम्बिकापुर शहर के अंदर की कुछ सड़कों के डामर उखड़ गए है। जिससे सड़क पर गड्ढे निर्मित हो गए है। ऐसे में शहर के अंदर की सड़कों पर आवागमन करने वाले लोगों को फूंक फूंक कर चलना पड़ता है। इन गड्ढों की वजह से कई बार बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हुए है। अम्बिकापुर शहर के बनारस मार्ग, एमजी रोड में कुछ कुछ जगहों पर गड्ढे हैं, और इसी रोड से काफी ज्यादा धूल भी उड़ता रहता है। ऐसे में धूल से राहगीरों को काफी परेशानी होती है। उनके कपड़े गंदे होने के साथ साथ धूल से स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है। नगर निगम द्वारा शहर के धूल उड़ने वाले रास्तों पर पानी का छिड़काव नहीं कराया जाता। जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।

अम्बिकापुर शहर के अलावा सरगुजा जिले का दरिमा रोड निर्माणाधीन है। उस सड़क पर अगर कोई तेज रफ्तार बाइक या कार गुजर जाए। तो ऐसी धूल उठती है कि कुछ नजर नहीं आता। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी इस सड़क को जल्द बनाने की बात कह रहे है। इस मसले को लेकर गुरुवार को सरगुजा एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने पीडब्ल्यूडी के मुख्य इंजीनियर केके पिपरी से भी मुलाकात की। तब मुख्य इंजीनियर ने कहा कि सड़क बनने तक लोगों को थोड़ी असुविधा होगी। डामरीकरण के बाद बहुत जल्द यह समस्या दूर हो जाएगी।