Chhattisgarh News: धान खरीदी से पहले प्रशासन की कार्रवाई से बिचौलियों में मचा हड़कंप, एसडीएम ने दो दुकानों में छापा मारकर 540 क्विंटल धान किया जब्त

सरगुज़ा/सीतापुर/अनिल उपाध्याय

समितियों में धान खरीदी शुरू होने से पहले एसडीएम द्वारा धान का अवैध संग्रहण करने वालो के विरुद्ध किये गए कार्रवाई से बिचौलियों में हड़कंप मचा हुआ है। एसडीएम ने दलबल समेत अवैध धान संग्रहण करने वालो के विरुद्ध छापामारी अभियान छेड़ते हुये दो दुकानों में छापा मारा। जहाँ क्षमता से अधिक धान संग्रहण पाये जाने पर 540 क्विं धान जब्ती की कार्रवाई करते हुए जब्त धान दुकानदारों के सुपुर्द कर दिया गया है।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी अनुसार सहकारी समितियों में धान खरीदी से पहले धान का अवैध भंडारण करने वालो के विरुद्ध प्रशासन ने अभियान छेड़ दिया है। इस अभियान के तहत एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो ने छापामारी अभियान के तहत दलबल समेत दो जगह छापा मारा। इस छापेमारी के दौरान गुप्ता जनरल स्टोर ग्राम गुतुरमा में 40 क्विं पुराना धान संग्रहित पाया गया। वही ग्राम उलकिया बरबहलापारा में ईश्वर प्रसाद गुप्ता के यहाँ छापे के दौरान 5 सौ क्विं धान का अवैध संग्रहण पाया गया।

एसडीएम द्वारा जब दस्तावेजों की जाँच की गई तो दोनों जगहों पर क्षमता से अधिक धान का अवैध संग्रहण पाया गया। जिसे जब्त करते हुए पंचनामा तैयार कर कुल 540 क्विं जब्त धान संग्रहणकर्ताओ के सुपुर्द करते हुये दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से धान के अवैध संग्रहनकर्ता एवं बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।

इस कार्रवाई के दौरान तहसीलदार शशिकांत दुबे, नायब तहसीलदार मनोज सूर्यवंशी, प्रमोद कुमार, पटवारी नरेंद्र यादव, श्यामनारायण सिंह, लिपिक दिलीप कुजूर एवं अन्य शामिल थे।