छत्तीसगढ़ अब ‘‘धान की थाली’’ श्री राम सेवक पैंकरा

RAM SEVAK PAIKRA HOME MINISTER CG, रामसेवक पैकरा, गृहमंत्री छत्तीसगढ
RAM SEVAK PAIKRA HOME MINISTER CG

अम्बिकापुर 04 मार्च 2014

 

  • गृह मंत्री किसान सम्मेलन मे हुए शामिल
  • कृषि स्नातकों के लैपटाँप का हुआ वितरण
प्रदेश के गृह, जेल एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्री राम सेवक पैंकरा आज अम्बिकापुर विकासखण्ड के सरगवां ग्राम में आयोजित किसान प्रशिक्षण एवं कृषि स्नातकों के लैपटाँप वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे प्रदेश को धान के कटोरे के रूप में जाना जाता है। प्रदेश के मेहनतकश किसान अपनी लगन एवं सूझबूझ से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे धान का कटोरा बढ़कर अब ‘‘धान की थाली’’ हो गया है। अनाजों के बेहतर उत्पादन में कृषि वैज्ञानिकों का योगदान महत्वपूर्ण है। कृषि महाविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की शिक्षा पूर्ण होने पर वे स्वयं तो अच्छी खेती करेंगे ही साथ ही साथ अपने आसपास के लोगों को भी प्रशिक्षित करेंगे, जिससे गुणवत्तापूर्ण अनाज का उत्पादन सुनिश्चित होगा तथा उत्पादन की मात्रा में भी वृद्धि होगी।
इस अवसर पर गृह मंत्री द्वारा वर्ष 2012-13 मे बी.एस.सी. कृषि उत्तीर्ण स्नातक छात्र-छात्राओं- अविनाश सिंह चंदेल, कुमारी कामिनी साहू, कुमारी तृप्ति मिश्रा, कुमारी अंजू, विनोद कुमार राठिया, कुमारी सोनाली हरिनखेरे को लैपटाँप वितरण किया गया। मार्गदर्शन कृषि महाविद्यालय की प्राचार्य श्री अंजनी कुमार झा ने बताया कि संस्था से उत्तीर्ण 43 विद्यार्थियों को लैपटाँप का वितरण किया जाएगा।
इस अवसर पर हस्तशिल्प बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष श्री अनिल सिंह मेजर, पूर्व विधायक श्री कमलभान सिंह, श्री अजय गोयल, श्री भारत सिंह सिसोदिया, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डाँ. एस.के. पाटिल, अम्बिकापुर कृषि महाविद्यालय के डीन श्री जे.पी. हरिनखेरे, कोरिया कृषि महाविद्यालय के डीन श्री एस.एस. सेंगर, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक श्री. पी.के. जायसवाल, सहित स्थानीय कृषक उपस्थित थे।