दंतेवाड़ा। शक्तिपीठ मां दंतेश्वरी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां उस वक्त चीख-पुकार में बदल गईं, जब उनकी मिनी बस पोदुम घाट के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में 8 से 10 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से 108 संजीवनी एक्सप्रेस के जरिए सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
हादसे का शिकार हुए सभी श्रद्धालु बालोद जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। नवरात्रि के अवसर पर वे मां दंतेश्वरी के दर्शन-पूजन के लिए बस्तर पहुंचे थे। मंदिर में मत्था टेकने के बाद सभी ने प्रसिद्ध जलप्रपात तीरथगढ़ घूमने की योजना बनाई थी। इसी दौरान कटेकल्याण मार्ग स्थित पोदुम घाट के ढलान व मोड़ पर चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और बस सड़क पर पलट गई।
जिला अस्पताल के डॉ. बघेल के अनुसार, गंभीर रूप से घायल 8 से 10 मरीजों की स्थिति पर विशेष नजर रखी जा रही है। अंदरूनी चोटों की गंभीरता का सटीक आकलन करने के लिए सभी जरूरी जांचें व सीटी स्कैन कराया जा रहा है। चिकित्सकों की टीम पूरी मुस्तैदी से इलाज में जुटी है और घायलों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।
पर्व-त्योहारों के चलते इन दिनों बस्तर के धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर बाहरी जिलों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में घुमावदार और दुर्गम पहाड़ी घाटियों में हुआ यह हादसा एक बार फिर सुरक्षित ड्राइविंग और अतिरिक्त सतर्कता की सख्त जरूरत की ओर इशारा करता है।
