सदस्य संख्या का रिकार्ड बनाएगा रायपुर जिला -बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर 
  • भाजपा का जिला सदस्यता अभियान प्रारंभ
भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में, भाजपा का सदस्यता अभियान विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। इस सदस्यता अभियान के मुख्यअतिथि प्रदेश के कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल थे। कार्यक्रम में लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत, विधायक द्वय श्रीचंद सुंदरानी एवं बर्नाड राड्रिक्स, जिलाध्यक्ष अशोक पाण्डेय, सदस्यता अभियान प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री छगनलाल मूंदड़ा, प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने, सुभाष राव,संजय श्रीवास्तव,  सुनील सोनी, मिर्जा एजाज बेग, दीपक म्हस्के, राजीव अग्रवाल, प्रभा दुबे, चन्नी वर्मा, मीनल चौबे, आशीष अग्रवाल, सूर्यकांत राठौर, संजूनारायण ठाकुर एवं जिले के पदाधिकारीगण, मंडल अध्यक्ष-महामंत्री तथा मंडलों के सदस्यता अभियान प्रभारी एवं सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। बृजमोहन अग्रवाल ने पार्टी की सदस्यता बुक में सदस्य बनाकर कार्यक्रम को गति प्रदान की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सदस्य ही पार्टी की रीढ़ के समान होते हैं। पार्टी को शिखर पर ले जाने में कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा योगदान होता है इसलिए हमें अपनी पार्टी की सदस्य संख्या में यथा संभव वृद्धि करनी है तथा नये सदस्यों को जोड़कर पार्टी को और मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि जब पार्टी को लोकसभा चुनाव और रायपुर की चारों विधानसभा चुनाव में लाखों की संख्या में वोट प्राप्त होते हैं तो यह इंगित करता है कि वे लोग हृदय से भाजपा को पसंद करते हैं। अब यह हमारा दायित्व है कि हम उन तक जाएं और उन्हें भाजपा का विधिवत सदस्य बनाएं।
लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत ने कहा कि हमें उन क्षेत्रों से नये सदस्य बनाना है जिनकी हम उपेक्षा कर देते हैं। समाज के वंचित तथा मेहनतकश लोगों तक भी पार्टी का यह सदस्यता अभियान पहुंचे ऐसा हमें सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे नए सदस्य पार्टी में नई उर्जा का संचार करते हैं तथा नवीन उत्साह के साथ पार्टी को आगे बढ़ाने में जी जान से जुट जाते हैं।
प्रदेश मंत्री एवं सदस्यता अभियान प्रभारी छगनलाल मूंदड़ा ने जानकारी देते हुए कहा कि मंडल अध्यक्षों की सहायता के लिए सभी मंडलों में सदस्या अभियान प्रभारी की नियुक्ति कर दी गई है तथा ये मंडल अध्यक्ष के साथ सहयोग करते हुए घर-घर जाकर सदस्यता संख्या में आशातीत वृद्धि करते हुए एक नया कीर्तिमान बनाएंगे ऐसा विश्वास है।
प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद उपासने ने कहा कि मोदी जी और अमित शाह जी द्वारा प्रारंभ सदस्यता अभियान हर घर, हर गली तक पहुंचे, यह हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सदस्यता अभियान इस दिशा में एक अभिनव प्रयास है। भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए यह तय बात है कि हम लाखों की तादाद में सदस्य बनाने में कामयाब होंगे।
गृहनिर्माण मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं कार्यालय प्रभारी सुभाष राव ने कहा कि भारतीय जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी की वर्तमान राजनीतिक यात्रा बहुत कठिनाईयों से भरी हुई है। पार्टी के आदर्श और कार्यकर्ताओं की मेहनत और लगन के बलबूते पर ही आज पार्टी इस मुकाम पर पहुंच सकी है। आज पार्टी ऐसे क्षेत्रों में भी व्यापक सफलता अर्जित कर रही है जहां पार्टी का कोई नाम लेने वाला भी नहीं था। इसका श्रेय उन्होंने कार्यकर्ताओं को प्रदान किया।
विधायक श्रीचंद सुंदरानी ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा के निष्ठावान कार्यकर्ता पार्टी द्वारा दिए गये हर कार्यक्रम को सफल बनाते हैं। निश्चित रूप से  इस  सदस्यता अभियान कार्यक्रम को भी कामयाब बनाने में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
जिलाध्यक्ष अशोक पाण्डेय ने सदस्यता अभियान कार्यक्रम को सफल बानने के लिए कार्यकर्ताओं से कमर कस जुट जाने का आह्वान किया तथा कहा कि इस कार्यक्रम को हमें युद्धस्तर पर लागू करना है। जिस तरह हम लोग चुनाव के समय सबकुछ भूलकर चुनाव जीतने के लिए रातदिन एक कर देते हैं, ठीक उसी तरह अधिक से अधिक संख्या में सदस्य बनाकर भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाना है।
आईटी सेल के प्रदेश संयोजक दीपक म्हस्के ने प्रोजेक्टर के माध्यम से, ऑनलाइन सदस्यता अभियान के संबंध में जानकारी प्रदान की तथा उसमें आने वाली छोटी-मोटी कठिनाईयों के निराकरण के संबंध में बताया।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री सूर्यकांत राठौर तथा आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष श्याम सुन्दर अग्रवाल ने किया।