लोगो की प्रताड़ना से तंग बुजुर्ग जहर खाकर पहुंचा थाने.. अस्पताल में मौत…

जिला चिकित्साल में इलाज के दौरान हुई मौत…चांपा थाना के भोजपुर गांव की घटना

जांजगीर चांपा ( संजय यादव) जादू टोना करने की बात पर वृद्घ को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। पुलिस अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आज दोपहर लगभग 12 बजे भोजपुर चांपा निवासी शिवदयाल जाट (74) पिता गुरदयाल जाट थाने पहुंचा और लिखित में आवेदन देकर बताया कि वह कमलकान्त और अमरकांत की प्रताड़ना से तंग आ गया है। इसलिए जहर सेवन कर जान दे रहा है। जब उसने जहर खाने की बात कही तो पुलिस के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में उसे बीडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में भादवि की धारा 306 के तहत अपराध दर्ज किया है और विवेचना शुरू कर दी है। मामले की प्रारम्भिक जांच में पाया गया कि मृतक लगभग 5 साल से चांपा के भोजपुर मे गंगाबाई नामक महिला के साथ भोलाराम सतनामी के घर मे किराए पर रहता था। यहां अमरकांत एवं कमलकान्त भी रहते है। इनके द्वारा आए दिन शिवदयाल जाट से जादू टोना और तंत्र-मंत्र करने की बात कहकर विवाद किया जाता था। इसी से परेशान होकर उसने जहर सेवन कर लिया। बहरहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।