रायपुर : मुख्यमंत्री से महिला समूहों की सौजन्य मुलाकात : हैट्रिक बनाने पर बधाई और शुभकामनाएं दी : घोषणा पत्र में महिला हितैषी प्रावधानों के लिए दिया धन्यवाद

 

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से आज यहां उनके निवास पर बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड से आए महिला स्व-सहायता समूहों के संयुक्त प्रतिनिधि मण्डल ने सौजन्य मुलाकात की। पद्मश्री सम्मान प्राप्त सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती शमशाद बेगम के नेतृत्व में सहयोगी जनकल्याण समिति की सदस्य महिलाओं ने भी इस मौके पर डॉ. रमन सिंह से सौजन्य भेंट की। महिला प्रतिनिधियों ने विधानसभा के तीसरे आम चुनाव में ऐतिहासिक जनादेश के साथ हैट्रिक बनाने एक बार फिर डॉ. रमन सिंह को प्रदेश सरकार की कमान सम्हालने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। श्रीमती शमशाद बेगम तथा उनके प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री द्वारा चुनाव घोषणा पत्र में महिला स्व-सहायता समूहों के लिए की गयी घोषणाओं की प्रशंसा की और उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने जनवरी 2014 से ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूली बच्चों की मध्यान्ह भोजन योजना की शत-प्रतिशत जिम्मेदारी सौंपने, उन्हें नये शिक्षा सत्र से स्कूली बच्चों के गणवेश बनाने और वितरण करने का दायित्व सौंपने तथा जनवरी 2014 से आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों और महिलाओं के लिए पूरक पोषण आहार बनाने और उसकी आपूर्ति की जिम्मेदारी भी शत-प्रतिशत महिला समूहों को सौंपने के प्रावधानों का उल्लेख किया और इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। डॉ. रमन सिंह ने उन्हें बताया कि इन घोषणाओं पर अमल के लिए स्कूल शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। श्रीमती शमशाद बेगम ने उन्हें बताया कि बालोद जिले में महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा रेगहा-अधिया में खेत लेकर धान की सामूहिक खेती की जा रही है। उनका धान आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों द्वारा ऋणों के समायोजन के लिए खरीदा जा रहा है। चूंकि महिला समूहों के पास ऋण पुस्तिका नहीं होती, इसलिए उनका धान समितियों में सामान्य प्रक्रिया से नहीं खरीदा जा रहा है। उनका आग्रह था कि महिला समूहों का शत-प्रतिशत धान समितियों में खरीदा जाए, ताकि इन समूहों की आमदनी में इजाफा हो सके। मुख्यमंत्री ने उनकी इस समस्या पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। श्रीमती शमशाद बेगम ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा महिला समूहों के सहयोग से बालोद जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड में एक जनवरी 2014 को शिक्षा दीप प्रज्वलित कर विश्वशांति और ग्राम स्वरोजगार की भावना को बल देने तथा कन्या भू्रण हत्या के खिलाफ और अधिक जनचेतना जाग्रत करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। विगत तेरह वर्षो से उनका यह अभियान चल रहा है। विकासखण्ड के सभी 163 गांवों में इस बार भी यह अभियान चलाया जाएगा। प्रतिनिधि मण्डल में श्रीमती माधुरी साहू, हेमा सोनी, ममता राव, लीला पटेल, सुनीता सार्वा और अन्य अनेक महिलाएं शामिल थीं।