रायगढ़ की माटी में बड़े से बड़े कलाकारों को आकर्षित करने की ताकत : डॉ. रमन

रायपुर, 07 सितम्बर 2014

मुख्यमंत्री शामिल हुए चक्रधर समारोह के समापन कार्यक्रम में
कहा-विकास कार्यों से बदली रायगढ़ की तस्वीर

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह आज रात जिला मुख्यालय रायगढ़ में दस दिवसीय अखिल भारतीय चक्रधर संगीत एवं नृत्य समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मुख्य अतिथि की आसंदी से समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा-रायगढ़ की कला प्रेमी जनता और यहां की माटी में देश के बड़े से बड़े कलाकारों को आकर्षित करने की ताकत है।
मुख्यमंत्री ने कहा – विगत तीस वर्षो से आयोजित हो रहे चक्रधर समारोह को व्यापकता और भव्यता प्रदान करने का प्रयास यहां के सांसद, विधायक, आम नागरिक और हम सब मिलकर कर रहे हैं। यह राष्ट्रीय स्तर का अत्यंत महत्वपूर्ण और गरिमामय सांस्कृतिक आयोजन है। जाने-माने कलाकारों की उपस्थिति से इसकी गरिमा बढ़ती है। बड़े से बड़े कलाकारों की यह इच्छा रहती है कि वे अपने जीवन में कम से कम एक बार रायगढ़ आकर चक्रधर समारोह के मंच पर अपनी प्रस्तुति दें। पद्यश्री और पद्यभूषण जैसे अलंकरणों से सम्मानित कई बड़े कलाकार विगत वर्षों में यहां अपनी कला का प्रदर्शन कर चुके हैं।  डॉ. रमन सिंह ने कला और संस्कृति के क्षेत्र में तत्कालीन रायगढ़ रियासत के महान संगीतज्ञ राजा चक्रधर सिंह के योगदान को विशेष रूप से याद किया। उन्होंने कहा – हिन्दुस्तान में बहुत बड़े राजे-महराजे हुए, लेकिन महाराज चक्रधर सिंह ने संगीत और नृत्य कला के विकास और कलाकारों के संरक्षण की दिशा में जो योगदान दिया, उसे सदियों तक याद रखा जाएगा। महाराज चक्रधर सिंह की वजह से ही आज देश-विदेश में रायगढ़ की पहचान बनी है। जनता की भागीदारी से इस समारोह को भविष्य में और भी अधिक भव्यता मिलेगी।
डॉ. रमन सिंह ने आगे कहा – राज्य सरकार ने हाल के वर्षों में जिला मुख्यालय रायगढ़ और जिले की जनता की बेहतरी के लिए विकास के कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। लगभग दस-बारह वर्ष पहले की तुलना में यहां की तस्वीर काफी बदल गई है। शहर के नजदीक केलो नदी पर विशाल सिंचाई बांध का निर्माण हो चुका है, जिससे लगभग 22 हजार हेक्टेयर के रकबों में किसानों को अपनी फसलों के लिए पर्याप्त पानी मिलेगा। मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और कृषि महाविद्यालय की स्थापना हो चुकी है। महानदी पर छत्तीसगढ़ का सबसे लम्बा पुल रायगढ़ जिले में बनाया गया है। जिले के विकास के ऐसे कई बड़े उदाहरण हैं। रायगढ़ शहर में केलो नदी के किनारे सौंदर्यीकरण का कार्य हो रहा है। मैंने आज नदी किनारे केलो सिंचाई बांध और मैरिन ड्राईव के विस्तार कार्यों का अवलोकन किया। वास्तव में यहां के लोगों के जीवन में काफी परिवर्तन आ रहा है और यही विकास है। इसमें सबसे बड़ा योगदान यहां की जनता का और जन-प्रतिनिधियों का है। लोगों के सहयोग से ही राज्य सरकार को जिले के विकास के लिए काम करने का अवसर मिला है। डॉ. रमन सिंह ने इस अवसर पर रायगढ़ वासियों को बताया कि आज ही राजधानी रायपुर में उन्होंने अपनी कार्यालयीन वेबसाइट शुरू की है, जिसमें आम नागरिक भी सीधे अपने सुझाव दे सकते हैं और अपनी भावनाएं व्यक्त कर सकते हैं। यह वेबसाइट छत्तीसगढ़ की जनता से सरकार के सीधे जुड़ने का माध्यम बनेगी।   मुख्यमंत्री ने चक्रधर समारोह के सफल आयोजन के लिए रायगढ़ के सभी नागरिकों, आयोजन समिति के पदाधिकारियों, सहयोगी संस्थाओं और जन-प्रतिनिधियों सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। समारोह में राज्य सभा सांसद श्री रणविजय सिंह जूदेव, रायगढ़ के विधायक श्री रोशन लाल अग्रवाल, लैलूंगा की विधायक श्रीमती सुनीति राठिया, नगर निगम के महापौर श्री महेन्द्र चौहथा, सभापति श्री सुरेश गोयल, राजा चक्रधर सिंह के सुपुत्र और तत्कालीन मध्यप्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री श्री भानुप्रताप सिंह सहित अनेक जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कला प्रेमी नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जन-प्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ समारोह में देर रात तक कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी अवलोकन किया। राज्य सभा सांसद श्री जूदेव ने भी समारोह को सम्बोधित किया।