मुख्यमंत्री ने अस्पताल में गृहमंत्री श्री पैकरा और अन्य घायलों से की मुलाकात

रायपुर

गृहमंत्री के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार
सभी घायलों का होगा सर्वोत्तम इलाज : डॉ. रमन सिंह

मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने सड़क दुर्घटना में घायल गृह, जेल और लोक स्वास्थ्य यात्रिकी मंत्री श्री रामसेवक पैकरा और उनके सहयात्रियों से आज अपरान्ह यहां एक प्राइवेट अस्पताल में मुलाकात की। डॉ. सिंह ने श्री पैकरा सहित सभी तीन घायलों की सेहत का हालचाल पूछा और उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए अपनी शुभकामनाएं दी। ज्ञातव्य है कि श्री पैकरा कल रात सूरजपुर जिले के प्रवास के दौरान एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे। उनके साथ उनके वाहन चालक श्री जसवीर सिंह तथा दो अन्य सहयोगी सर्वश्री अशोक गुप्ता और विजय तिवारी भी जख्मी हो गए थे। मुख्यमंत्री ने गृहमंत्री श्री पैकरा और सभी घायलों का हौसला बढ़ाया। डॉ. सिंह ने अस्पताल के चिकित्सकों से उनके इलाज की व्यवस्था के बारे में भी पूरी जानकारी ली। डॉक्टरों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने श्री पैकरा और अन्य घायलों के एक्सरे आदि की रिपोर्ट भी देखी। मुख्यमंत्री ने बताया कि श्री पैकरा के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। चिन्ता की कोई बात नहीं। उन्हें और उनके घायल सहयोगियों को सर्वोत्तम इलाज की सुविधा दी जा रही है। श्री पैकरा के पैर की हड्डी में फैक्चर हुआ है। अगले 24 घंटे में पैर में सूजन कम होने पर उनका ऑपरेशन कुशल डॉक्टरों की निगरानी में किया जाएगा।