उत्तरप्रदेश में अगली सरकार होगी भाजपा की – लक्ष्मीकांत वाजपेयी

up-bjp_president
up-bjp_president
रायपुर
  • ऑनलाइन सदस्यता हेतु भाजपा ने बनाया कंट्रोल रूम
 भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय एकात्म परिसर में ऑन लाइन सदस्यता अभियान का आज विधिवत शुभारंभ हुआ।  इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रायपुर प्रवास पर आये हुए उत्तरप्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी शामिल हुए। उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी की सफलता उसके बूथ स्तर तक सुदृढ़ संगठन से ही संभव होती है। बूथ स्तर का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ की हड्डी के समान होता है। उन्होंने कहा कि जब किसी बूथ पर पार्टी हारती है तो कार्यकर्ताओं के आंखों में आंसू होते हैं और जीतने पर कार्यकर्ता की छाती चौड़ी होती है। पार्टी, कार्यकर्ता की मां की तरह होती है। मां भी कभी कभी बेटे के भलाई के लिए कटु निर्णय लेती है किन्तु उसका यह अर्थ नहीं होता कि वह अपने बेटे से प्रेम नहीं करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी हित को सर्वोपरि मानते हुए, भारतीय जनता पार्टी को मजबूत बनाने में जुट जाएं। आज सारे देश में आम जन का विश्वास मोदी जी और भाजपा पर है। उन्होंने कहा उन्हें पूरा विश्वास है कि आगामी उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी भारी बहुमत से जीत हासिल कर एक स्वच्छ और सशक्त सरकार बनाएगी।
आज के कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष अशोक पाण्डेय ने, उत्तरप्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी जी का स्वागत करते हुए उन्हें उत्तरप्रदेश में पार्टी के अभुतपूर्व प्रदर्शन के लिए बधाई दी और आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी लोकसभा से भी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
प्रदेश आईटी सेल के संयोजक दीपक म्हस्के ने ऑन लाइन सदस्यता की जानकारी देते हुए बताया कि पार्टी का लक्ष्य देश भर में 10 करोड़़ सदस्य बनाने का है। इस हेतु पार्टी ने ऑन लाइन सदस्यता अभियान भी प्रारंभ किया है तथा कंट्रोल रूम कि स्थापना की है। ऑन लाइन बनने के लिए 18002662020 पर मिस्ड कॉल करने पर फोन तुरंत कट जाएगा। इसके पश्चात फोन करने वालों को एक एसएमएस मिलेगा जिसमें उसका सदस्यता क्रमांक लिखा होगा। आवेदक को अपना नाम और पता एक फोन नंबर पर एसएमएस करने कहा जाएगा। आवेदक के मोबाइल पर उसकी सदस्यता सुनिश्चित हो जाने का एसएमएस आ जाएगा।
आज के कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री संगठन रामप्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष अशोक पाण्डेय, सच्चिदानंद उपासने, संजय श्रीवास्तव, राजीव अग्रवाल, छगन मुंदड़ा, केदार गुप्ता, सलीम असरफी, डॉ. सलीम राज, दीपक म्हस्के, रश्मी शर्मा, सुभाष तिवारी, सूर्यकांत राठौर, श्याम सुंदर अग्रवाल, गीता ठाकुर, सुषमा धरमदस्सानी, गोपी साहू, मुकेश शर्मा, किशोर महानंद, शिवजलम दुबे, बजरंग खंडेलवाल, संजूनारायण ठाकुर, चंद्रेश शाह, नवीन शर्मा, भारती बागल, सीमा साहू  और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन श्याम सुंदर अग्रवाल और आभार प्रदर्शन सूर्यकांत राठौर ने किया।