जिला कांग्रेस कमेटी का 16 जुलाई को महारैली ,कलेक्टोरेट का घेराव…

 

कलेक्ट्रेट घेराव को लेकर जिला कांग्रेस की बैठक सम्पन्न
जांजगीर-चांपा। जिले के पीडि़त किसान, गरीब, मजदूर की समस्याओं के निराकरण की मांग एवं जिले में व्याप्त अफसर शाही के विरोध में 16 जुलाई को प्रस्तावित कलेक्टोरेट घेराव के संबंध में रणनीति तैयार करने जिले के कांग्रेसजनों की उपस्थिति में जिला कांग्रेस कमेटी की विशेष बैठक आज स्थानीय गांधी भवन में सम्पन्न हुई। धरना एवं घेराव की रूपरेखा पर प्रकाश डालते हुये जिला कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि राज्य व केन्द्र की भाजपा सरकार के कुप्रशासन एवं जनविरोधी नीतियों के चलते आज समाज के हर वर्ग के लोग प्रताडि़त है। गरीब, किसान आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे है। शासन के कुप्रबंधन के चलते ग्राम कुरियारी निवासी साक्षर भारत के प्रेरक धनीराम खुंटे को आत्महत्या करने को विवश होना पड़ा। अन्नदाता किसान को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य फसल बीमा, खाद खरीदी व कीटनाशक दवाओं के नाम पर ठगा जा रहा है। जिले में महिलाओं के साथ दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। जिले में अफसर शाही हावी है,वहीं नगरीय निकायों में विकास कार्यों के प्रति कांग्रेसियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। शासन-प्रशासन की तानाशाही कार्यप्रणाली से लोग आक्रोशित है, इन्ही सब विषयों को लेकर 16 जुलाई को महारैली के माध्यम से कलेक्टोरेट का घेराव कर महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की जायेगी। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। बैठक स कड़ों की संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित थे।