अंधविश्वास में किशोर लड़के को नंगा घुमाया सूखा-पीड़ित गांव में…

कर्नाटक

भारतीय समाज का कुछ हिस्सा आज के आधुनिक युग में भी अंधविश्वासों से दूर नहीं हो पाया है, और अजीबोगरीब रीति-रिवाज़ों का पालन किए जाने की ख़बरें मिलती रहती हैं। ऐसी ही एक ख़बर मिली है कर्नाटक से, जहां चित्रदुर्ग जिले में एक सूखा-पीड़ित गांव में ‘वर्षा के देवता’ प्रसन्न करने के लिए एक किशोर लड़के को पूरी तरह निर्वस्त्र कर घुमाया गया।

घटना पंढारहल्ली गांव में 10 जून को हुई, और अब इस घटना का वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लड़के के शरीर पर पहले पानी डाला जा रहा है, और उसके बाद गांववाले एक मूर्ति की पूजा कर रहे हैं। इसके बाद उस लड़के को बिना कपड़े पहनाए ही मूर्ति को उठाकर गांव की गलियों में चलाया जाता है। गांववाले लड़के के साथ ही मंत्रोच्चार करते चल रहे हैं, और कुछ लोग ढोल बजाते हुए साथ हैं।

बाद में, गांव में वर्षा के देवता को प्रसन्न करने के लिए प्रचलित प्रथा के अनुसार, लड़के को नए कपड़े दिए जाते हैं। गांववालों के मुताबिक, इस प्रथा को पूरा करने के लिए गांव से ही एक किशोर लड़के को चुना गया था।