जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में हुए सनसनीखेज गोलीकांड को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विजय कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा ने पदभार संभालते ही सख्त रुख अपनाया। राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में आयोजित 06 सप्ताह के आईपीएस इंडक्शन प्रशिक्षण कोर्स से लौटते ही वे रायपुर एयरपोर्ट से सीधे ग्राम करही पहुंचे और घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
एसपी पाण्डेय ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली, वहीं मृतक परिवार के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा सुनी और आवश्यक तथ्यों पर पूछताछ की। आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए जिले में विशेष अभियान “ऑपरेशन हंट” की शुरुआत की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। सभी संभावित ठिकानों पर दबिश, तकनीकी साक्ष्यों का संकलन और सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन नाकेबंदी के आदेश दिए गए हैं। एसपी की इस त्वरित कार्रवाई से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ी है और ग्रामीणों में न्याय की उम्मीद जगी है।
