अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के अम्बिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे पर स्थित लुचकी घाट रविवार को एक बार फिर रक्त रंजित हो गया। दोपहर करीब 3 बजे दो बाइकों के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुआ एक मृतक अपनी पत्नी के साथ बच्चे की स्कूल टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) लेने अम्बिकापुर आ रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। दिल दहला देने वाले इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनतरई (लकड़ापारा) निवासी 38 वर्षीय संतोष कुजूर रविवार को अपनी पत्नी संगीता के साथ बाइक (क्रमांक सीजी 14 एमवी 0586) पर सवार होकर घंघरी स्थित एकलव्य विद्यालय जा रहे थे। वे वहां अपने बच्चे की टीसी लेने आ रहे थे, तभी लुचकी घाट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक (क्रमांक सीजी 10 ईएफ- 3136) से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतोष कुजूर और दूसरी बाइक पर सवार एक अज्ञात युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, संतोष की पत्नी संगीता और दूसरी बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
इस बीच, घटनास्थल से गुजर रहे भाजपा नेता अनिल जायसवाल ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अपना वाहन रोका। उन्होंने राहगीरों की मदद से दोनों गंभीर घायलों को अपने वाहन में बिठाया और तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। इसके बाद अन्य वाहनों के जरिए दोनों मृतकों के शवों को भी अस्पताल लाया गया, जिन्हें फिलहाल मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
अस्पताल पहुंचे संतोष कुजूर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वे एक तरफ जहां संतोष की असामयिक मौत से सदमे में हैं, वहीं दूसरी तरफ घायल संगीता के जल्द स्वस्थ होने की दुआएं मांग रहे हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे में मारे गए दूसरे युवक और उसके घायल साथी की फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच और सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है कि दोनों मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के निवासी हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात पीड़ितों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
