जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया में वायरल ऑडियो को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया में वायरल ऑडियो में जलसंसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एवं विभाग में पदस्थ वाहन चालक के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है, जिसमें आपत्तिजनक भाषा के उपयोग की बात सामने आई है। मामले को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर महोबे ने अपर कलेक्टर को जांच कर तत्काल प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने अपर कलेक्टर को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वायरल ऑडियो की प्रामाणिकता, परिस्थितियां और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच कर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। प्रशासन का कहना है कि यदि ऑडियो में आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगा।
सूत्रों के मुताबिक वायरल ऑडियो में अमर्यादित भाषा और पद की गरिमा के खिलाफ आचरण के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे विभाग की छवि धूमिल हुई है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी सेवा में अनुशासनहीनता और आचरणहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी, वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर जिलेभर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में तीखी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
