सूरजपुर। अम्बिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तारा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। साल्ही-जनार्दनपुर मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी चालक घटना के तुरंत बाद वाहन सहित फरार होने में कामयाब रहा।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तारा से उदयपुर घाट बर्रा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे मुख्य मार्ग स्थित साल्ही-जनार्दनपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार गंभीर चोटों के कारण सड़क पर गिर पड़े, जहां कुछ ही पलों में उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही तारा चौकी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रेमनगर भिजवा दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
