नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मंगलवार को एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। नारायणपुर जिला पुलिस बल और आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी के संयुक्त दल ने भटबेड़ा क्षेत्र में तलाशी अभियान के दौरान नक्सलियों के एक गुप्त डंप का भंडाफोड़ किया। यहां से जमीन में छिपाकर रखे गए छह प्रेशर कुकर आईईडी और एक पाइप बम सहित कुल सात विस्फोटक बरामद किए गए। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते (BDDS) ने मौके पर पहुंचकर सख्त सुरक्षा प्रोटोकॉल के साथ सभी विस्फोटकों को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
यह सफल अभियान नारायणपुर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, आईटीबीपी के कमांडेंट अभिषेक सूद और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अभियान) अक्षय साबद्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया। सहायक उप निरीक्षक मोहन के नेतृत्व में निकली संयुक्त टीम ने रैनार कैंप से माक्सोली-भटबेड़ा मार्ग पर गश्त के दौरान संदिग्ध हलचल देखी। गहन तलाशी में आईईडी के अलावा विस्फोटक असेंबल करने की सामग्री भी हाथ लगी, जिसमें एक मल्टीमीटर, पेचकस, सोल्डरिंग वायर, सोल्डरिंग आयरन और तीन वाहनों की चाबियां शामिल हैं।
एसपी संदीप कुमार पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबलों की मुस्तैदी से नक्सलियों के मंसूबों पर समय रहते पानी फेर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अबूझमाड़ के घने और संवेदनशील इलाकों में सर्च ऑपरेशन निरंतर जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखी जा सके और असामाजिक तत्वों के किसी भी प्रयास को जड़ से समाप्त किया जा सके।
