रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के बदले मिजाज के बीच मानसून एक बार फिर पूरी रफ्तार पकड़ने के लिए तैयार है। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। इस दौरान न सिर्फ बादलों की गड़गड़ाहट होगी, बल्कि उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की भी आशंका है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर बने एक मजबूत निम्न दबाव के क्षेत्र, सक्रिय मानसूनी द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के ट्रिपल इफेक्ट के कारण राज्य में बारिश की यह गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं।
हालांकि इस साल अब तक प्रदेश में सामान्य से 17 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है, लेकिन आगामी चार दिन इस कमी को काफी हद तक पूरा कर सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के दौरान कई इलाकों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने के आसार हैं। विशेष रूप से उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में बिजली गिरने की प्रबल आशंका है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। दूसरी ओर, दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग के सुकमा, दंतेवाड़ा, बीजापुर और जगदलपुर जैसे जिलों पर मानसून विशेष रूप से मेहरबान रहेगा, जहां भारी बारिश का अनुमान लगाया गया है।
अगर बीते 24 घंटों की बात करें तो बुधवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम फुहारें पड़ीं, जिससे मौसम खुशनुमा बना रहा। इस दौरान रायपुर का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस और पेंड्रा रोड का न्यूनतम तापमान 22.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी रायपुर में गुरुवार को भी दिनभर आसमान में बादलों का डेरा रहेगा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी उम्मीद है। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे उमस से राहत मिलेगी और गुलाबी ठंडक का अहसास बना रहेगा।
