अम्बिकापुर। सरगुजा के बतौली क्षेत्र में कुदरत की बारिश से ज्यादा ठेकेदार की लापरवाही ग्रामीणों पर भारी पड़ रही है। पिछले पांच महीनों से कछुआ गति से चल रहे एक पुलिया निर्माण के कारण आज छह गांवों की जिंदगी थम सी गई है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते निर्माणाधीन पुलिया के पास बनाया गया अस्थायी डायवर्सन बह गया, जिससे करदना सहित आधा दर्जन गांवों का बतौली ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह कट चुका है।
इस अव्यवस्था ने विकास के दावों की पोल खोलकर रख दी है। सबसे ज्यादा मार स्कूली बच्चों, शिक्षकों और किसानों पर पड़ी है। अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए शिक्षकों को करीब तीन किलोमीटर का सफर पैदल तय कर स्कूल पहुंचना पड़ा। क्षेत्र में बसों के पहिए थम गए हैं, जिससे लोगों का तहसील, थाना, जनपद पंचायत और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (अस्पताल) जैसी जरूरी जगहों तक पहुंचना भी दूभर हो गया है। ठेकेदार की इस कदर लापरवाही से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा अब सातवें आसमान पर है और उन्होंने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
हालांकि, मामला तूल पकड़ने के बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क परियोजना के ईई विकास कौशिक ने मोर्चा संभाला है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए मौके पर तत्काल पाइप डलवाकर एक नया अस्थायी डायवर्सन मार्ग तैयार कराया जा रहा है, ताकि आवागमन को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
