अम्बिकापुर। सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल जूनियर ओपन चैंपियनशिप 2026 के दूसरे दिन गांधी स्टेडियम स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में रोमांचक मुकाबलों की धूम रही। मैदान पर उतरे खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल भावना, कड़े अनुशासन और बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेल प्रेमियों को कई कड़े मुकाबले देखने को मिले। दिन के पहले मैच में आईपीएस क्लब ने मॉन्टफोर्ट स्कूल के खिलाफ शुरुआत से ही दबदबा बनाते हुए शानदार जीत दर्ज की। वहीं, एक अन्य कड़े मुकाबले में माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल ने सरगुजा टाइटंस के खिलाफ बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए मैदान मार लिया। दर्शकों के बीच सबसे ज्यादा रोमांच सरगुजा टाइगर और ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के मैच के दौरान देखा गया, जिसमें सरगुजा टाइगर ने उत्कृष्ट रणनीति के बदौलत विपक्षी टीम को शिकस्त देकर विजय हासिल की; जबकि अन्य मुकाबले खबर लिखे जाने तक जारी थे।
इन रोमांचक मैचों के दौरान खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए इंजीनियर सोमनाथ सिंह, डी.के. सोनी, जितेंद्र बिंदु और गौरव सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने मैदान पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उज्ज्वल भविष्य और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ के खिलाड़ियों के अलावा ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, दशमेश पब्लिक स्कूल, मॉन्टफोर्ट स्कूल और माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं पूरे उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि संघ द्वारा इन प्रतिभावान खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर खेल सुविधाएं और निःशुल्क नियमित अभ्यास के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
आने वाले समय में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए इन्हें विशेष प्रशिक्षण और हर संभव सहयोग दिया जाएगा, ताकि सरगुजा की खेल प्रतिभाएं आगे बढ़कर अंचल का नाम रोशन कर सकें। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में रजत सिंह, आकाश गुप्ता, बबीता तिग्गा, अनुपमा तिर्की, प्रिया जायसवाल, खुशबू गुप्ता, प्रज्ञा मिश्रा, रिमझिम और अभिषेक निर्णायक व तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
