अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..जनसुनवाई के दौरान मैनपाट में प्रस्तावित नई बॉक्साइट खदान का क्षेत्रवासियों द्वारा पुरजोर विरोध के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो मुख्यमंत्री से मिलने राजधानी रायपुर पहुँचे।जहाँ मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ने सांस्कृतिक एवं भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से पर्यटन के क्षेत्र में तेजी उभरते मैनपाट एवं जनता का पक्ष रखा।इस मामले में विधायक के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
विदित हो कि मैनपाट में बॉक्साइट खनन के लिए नई खदान खोलने हेतु सीएमडीसी द्वारा प्रस्तावित है।जिसको लेकर विगत दिनों मैनपाट में जनसुनवाई आयोजित की गई थी।इस जनसुनवाई के दौरान क्षेत्र की जनता ने सीएमडीसी द्वारा मैनपाट में नए बॉक्साइट खनन हेतु खोले जाने वाले खदान का पुरजोर विरोध किया था।हजारों की संख्या में क्षेत्र के महिला पुरुष एवं युवा नए खदान खोलने को लेकर पूर्व मंत्री अमरजीत भगत एवं वरिष्ठ अधिवक्ता राजेश गुप्ता के नेतृत्व में सीएमडीसी के विरोध में उतर आए थे।जनसुनवाई के दौरान विधायक रामकुमार टोप्पो भी मौके पर पहुँचे थे और जनता की भावनाओं से अवगत हुए थे।क्षेत्र की जनता ने सीएमडीसी द्वारा खोले जाने वाले नए खदान का विरोध करते हुए जनता ने विधायक को अपनी भावनाओं से अवगत करा दिया था।सीएमडीसी की नई खदान खुलने को लेकर होने वाली जनसुनवाई खत्म होने के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो इस संबंध में मुख्यमंत्री से मिलने राजधानी रायपुर पहुँचे।जहाँ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के दौरान विधायक ने नये बॉक्साइट खदान के प्रति क्षेत्र की जनता का पक्ष रखा।
विधायक ने मैनपाट में प्रस्तावित नए खदान का क्षेत्रवासियों द्वारा किये जा रहे विरोध से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।विधायक ने मैनपाट के भौगोलिक और सांस्कृतिक विरासत का हवाला देते हुए कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में मैनपाट तेजी से उभर रहा है।इसलिए इसके संरक्षण और पर्यावरण की रक्षा के साथ जनता के विरोध को देखते हुए प्रस्तावित नये खदान पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए।ताकि यहाँ रहने वाले विशेष प्रजातियों की सांस्कृतिक विरासत के साथ मैनपाट का पर्यावरण एवं अस्तित्व सुरक्षित किया जा सके।चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने विधायक की बातों को गंभीरता से सुनते हुए इस पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है।इस दौरान विधायक विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह से भी मिले और उन्हें मैनपाट में प्रस्तावित नए बॉक्साइट खदान को लेकर हो रहे विरोध से अवगत कराया।
इस संबंध में विधायक रामकुमार टोप्पो ने बताया किमैनपाट एक पर्यटन स्थल नही छतीसगढ़ की पहचान है।यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता धार्मिक आस्था सांस्कृतिक विरासत पर्यावरण एवं स्थानीय लोगों के हितों का संरक्षण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।विकास जरूरी है लेकिन जनभावनाओं एवं प्रकृति से छेड़छाड़ की कीमत पर नही बल्कि संरक्षण के साथ होना चाहिए।मैनपाट की अस्मिता एवं लोगों के हितों की रक्षा के लिए मेरे द्वारा हर स्तर पर प्रयास जारी रहेगा।
