जांजगीर-नैला। नगरपालिका परिषद जांजगीर-नैला कार्यालय भवन में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला परिषद अध्यक्ष महोदया के कक्ष से जुड़ा है, जहां दिनांक 09 जून 2026 की रात लगभग 2 बजे अज्ञात व्यक्तियों ने एसी मशीन का कम्प्रेसर चोरी कर लिया। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही कार्यालय परिसर एवं आसपास खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 21 मई 2026 को इसी तरह की चोरी की घटना घट चुकी है, जिसकी सूचना संबंधित थाने में दी गई थी। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं होने से चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। बार-बार हो रही चोरी से नगरपालिका परिषद को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं प्रशासनिक कार्यों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
नगरपालिका प्रशासन ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिक रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस से आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। परिषद कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यालय भवन में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने तथा रात्रिकालीन सुरक्षा गार्ड की तैनाती की आवश्यकता जताई है।
अब देखना यह है कि पुलिस जांच में चोरों तक कब और कैसे पहुंच पाती है, या फिर नगरपालिका कार्यालय चोरी की घटनाओं का आसान निशाना बना रहेगा।
