कोरबा। गेवरा-कुसमुंडा मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह रफ्तार और अनियंत्रित आवागमन ने दो जिंदगियां लील लीं। मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में एक युवक और एक युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दोनों दोपहिया वाहनों की भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल चालक उछलकर सीधे सड़क से गुजर रहे भारी वाहन टीपर के पहियों के नीचे आ गया। वहीं, स्कूटी सवार युवती गंभीर रूप से सड़क पर जा गिरी। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के तुरंत बाद मार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात बाधित हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडेय दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और वाहनों को मार्ग से हटाकर आवागमन बहाल कराया। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
