जांजगीर-चांपा। हाई-टेक ऑनलाइन सट्टा ऐप ‘बिग डैडी गेम’ (BDG) के जरिए अवैध वित्तीय नेटवर्क चलाने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना को जांजगीर पुलिस की साइबर टीम ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी किरण महादु साल्वे (निवासी दौंड, जिला पुणे) इस सिंडिकेट का शीर्ष संचालक है, जो टेलीग्राम, व्हाट्सएप और क्रिप्टो करेंसी (USDT) के जरिए छत्तीसगढ़ में नेटवर्क मार्केटिंग की तर्ज पर सट्टे का अवैध कारोबार चला रहा था। पुलिस ने आरोपी के बैंक खातों में जमा रकम को फ्रीज करवा दिया है।
इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कड़ियों को जोड़ते हुए चरणबद्ध तरीके से हुआ। साइबर थाना जांजगीर को न्यू चंदनियापारा लिंक रोड निवासी हेमलाल यादव के मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने की सटीक सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में दबिश देकर हेमलाल को पकड़ा। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह BDG गेम ऐप के जरिए सट्टा खिलवाता है और यह आईडी उसे मुख्य स्थानीय संचालक शैलेंद्र कुमार शर्मा ने मुहैया कराई थी।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शैलेंद्र कुमार शर्मा को हिरासत में लिया। शैलेंद्र ने स्वीकार किया कि वह व्हाट्सएप के जरिए मास्टर आईडी और लिंक सहयोगियों तक पहुंचाता था। यह गिरोह मल्टी-लेवल मार्केटिंग के मॉडल पर संचालित हो रहा था, जिसमें नीचे के सदस्यों द्वारा लगाए गए पैसों पर ऊपर के एडमिन को तय कमीशन मिलता था। शैलेंद्र की निशानदेही पर पूर्व में चार अन्य आरोपियों समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिन्होंने लाखों रुपये के अवैध लेनदेन और कई युवाओं को सट्टे की लत में डुबोने की बात कबूल की थी।
शैलेंद्र से विस्तृत पूछताछ में सिंडिकेट के शीर्ष नेटवर्क का खुलासा हुआ। महाराष्ट्र निवासी किरण साल्वे ने टेलीग्राम पर ‘ईगल BDG गेम’ नाम से चैनल बनाकर शैलेंद्र को जांजगीर जिले का प्रमुख एडमिन नियुक्त किया था। जिले भर से जितने भी लोग इस ऐप में पैसे डालते थे, उसका कमीशन शैलेंद्र के साथ-साथ सबसे ऊपर बैठे किरण साल्वे तक पहुंचता था। डिजिटल चैट, तकनीकी साक्ष्य और वित्तीय लेनदेन के आधार पर साइबर पुलिस टीम ने दौंड (पुणे) में दबिश देकर किरण साल्वे को धर दबोचा।
आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 07 एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है। जिला पुलिस जांजगीर-चांपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐप आधारित वित्तीय प्रलोभनों और ऑनलाइन सट्टेबाजी से दूर रहें; इस प्रकार के अवैध कृत्यों में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
