जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दुल्हन ने शराब के नशे में धुत दूल्हे के साथ सात फेरे लेने से साफ मना कर दिया। मामला चांपा के कोसमन्दा गांव का है, जहां खोखरा गांव से बारात पहुंची थी। बारात के आगमन के साथ ही खुशियों का माहौल उस वक्त तनाव में बदल गया जब दूल्हा, उसका भाई और अन्य रिश्तेदार अत्यधिक शराब पिए हुए हालत में मंडप तक पहुंचे। दूल्हे और उसके परिजनों की इस हरकत को देखकर दुल्हन ने कड़ा रुख अपनाया और कहा कि वह शराब पीकर बारात में आने वाले युवक से किसी भी कीमत पर शादी नहीं करेगी।
दुल्हन के इस फैसले के बाद विवाह स्थल पर विवाद गहरा गया। दोनों पक्षों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को देनी पड़ी। मामले की गंभीरता को देखते हुए चांपा एसडीओपी (SDOP) और थाना प्रभारी (TI) दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। दुल्हन के अपने फैसले पर अड़े रहने के कारण आखिरकार बारात को बिना शादी किए ही वापस लौटना पड़ा। दुल्हन के इस साहसी कदम की आसपास के इलाकों में जमकर तारीफ हो रही है।
