संजय यादव
जांजगीर चांपा। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से व्यापक रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। संगठन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले सरकार के कामकाज और संगठन की ताकत, दोनों को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाएगा। इसी क्रम में राज्य और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक वोटर तक पहुंचाने की मुहिम तेज कर दी गई है।
पार्टी संगठन ने अपने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट टास्क सौंपते हुए कहा है कि योजनाओं की जानकारी सिर्फ कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। मंत्रियों से लेकर निर्वाचित विधायक और सांसदों तक का बाकायदा रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है, ताकि पिछले कार्यकाल में किए गए कार्यों का आकलन किया जा सके और कमजोर कड़ियों को समय रहते दुरुस्त किया जा सके।
बीजेपी ने अगले दो वर्षों में किए जाने वाले कार्यक्रमों का विस्तृत रोडमैप भी तैयार किया है। इसमें संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान, बूथ सशक्तिकरण और युवाओं व महिलाओं को जोड़ने जैसे बिंदुओं को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी पदाधिकारियों, विधायकों और सांसदों को बूथ स्तर तक जाकर सीधा जनसंपर्क करने की नसीहत दी गई है, ताकि मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित हो सके।
कार्यकर्ताओं में जोश भरने और चुनावी माहौल तैयार करने के लिए प्रत्येक जिले में दर्जनों कार्यक्रम तय किए गए हैं। बैठकों, सम्मेलन और जनसभाओं के माध्यम से संगठन को सक्रिय किया जाएगा। कुल मिलाकर बीजेपी ने यह साफ कर दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी अब नहीं, बल्कि अभी से शुरू हो चुकी है और इसमें कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
