अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर की सड़कें आज एक ऐतिहासिक खेल उत्सव की गवाह बनीं। शहर में पहली बार आयोजित ‘स्व. कलावती देवी स्मृति अखिल भारतीय मैराथन प्रतियोगिता’ में देशभर से आए धावकों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि पूरा शहर खेल के रोमांच से सराबोर हो गया। पुरुष और महिला वर्ग को मिलाकर 2,500 से अधिक धावकों ने इस 11 किलोमीटर लंबी दौड़ में अपना दमखम दिखाया, जिसमें उत्तर प्रदेश के बनारस (वाराणसी) के एथलीटों का पूरी तरह से दबदबा रहा। पुरुष वर्ग में बनारस के आकाश पटेल और महिला वर्ग में सोनी देवी ने अपनी रफ्तार का लोहा मनवाते हुए पहला स्थान हासिल किया और खिताब अपने नाम किया।
इस भव्य प्रतियोगिता का आगाज गांधी स्टेडियम के मुख्य द्वार से हुआ, जहाँ मुख्य अतिथि विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी और आयोजन मंडल के अध्यक्ष व पूर्व पार्षद प्रकाश राय सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने हरी झंडी दिखाकर धावकों को रवाना किया। मैराथन का रूट शहर के प्रमुख केंद्रों गांधी चौक, बिलासपुर चौक, खरसिया चौक, बंगाली चौक, प्रतापपुर चौक, मिशन चौक और आकाशवाणी चौक से होते हुए वापस स्टेडियम के गांधी मंदिर वाले गेट पर जाकर समाप्त हुआ। पूरी दौड़ के दौरान सड़कों के दोनों ओर खेल प्रेमी दर्शकों का भारी उत्साह देखने को मिला, जो खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे थे।
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा स्व. श्रीमती कलावती देवी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित व माल्यार्पण कर की गई। इस अवसर पर विजेताओं को नकद पुरस्कार, शील्ड और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में प्रथम आए आकाश पटेल को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहे मिर्जापुर के गणेश कुमार को 21 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर रहे रीवा के पंकज पटेल को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। वहीं, महिला वर्ग की चैंपियन सोनी देवी को 31 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहीं राजनांदगांव की नीता सलामे को 21 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर रहीं भोपाल की प्रीति चौहान को 15 हजार रुपये का पुरस्कार मिला।
दौड़ में कड़े मुकाबले के बीच दोनों वर्गों में चौथे से दसवें स्थान तक आने वाले धावकों को भी 21-21 हजार रुपये की सम्मान राशि दी गई। इनमें पुरुष वर्ग में आशुतोष मिंज (भिलाई), मनीष कुमार (बिलासपुर), मानसिंह (उत्तर प्रदेश), राजेश मराबी (बिलासपुर), टंकेश्वर साहू (भिलाई), अशलेश राज (सूरजपुर) और कुश कुमार (बनारस) शामिल रहे। महिला वर्ग में रुक्मणी साहू (भिलाई), प्रज्ञा राजवाड़े (सूरजपुर), फलेश्वरी राजवाड़े (सूरजपुर), बबीता कुमारी (मिर्जापुर), ममता पैकरा (अम्बिकापुर), अर्पिता धुरिया (प्रतापपुर) और भावना साहू (राजनांदगांव) ने टॉप-10 में जगह बनाई। इसके अलावा, 11वें से 20वें स्थान तक आने वाले सभी एथलीटों को 11-11 हजार रुपये, प्रमाण पत्र और शील्ड देकर उनके हुनर को सराहा गया।
अम्बिकापुर के इतिहास में पहली बार राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजन मंडल के अध्यक्ष प्रकाश राय ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने खेल प्रशिक्षक आनंदधर दीवान, पवनीत सिंह गिल, विकास सिंह, राजेश प्रताप सिंह और प्रफुल्ल तिग्गा सहित जिले के उन सभी खेल प्रशिक्षकों का विशेष रूप से धन्यवाद दिया, जिनके महत्वपूर्ण योगदान और प्रबंधन की बदौलत यह आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हुआ। इस सफल मैराथन ने न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच दिया, बल्कि सरगुजा के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय भी जोड़ दिया।
