सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां को मौत के घाट उतार दिया। यह सनसनीखेज वारदात डभरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम भेडिकोना की है। घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल व्याप्त है।
मिली जानकारी के अनुसार, भेडिकोना गांव की रहने वाली 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला तिहारिन बाई माली का अपने 25 वर्षीय बेटे लखन माली के साथ पैसों को लेकर किसी बात पर विवाद हुआ था। आरोपी बेटा अपनी मां से रुपयों की मांग कर रहा था, जिसे देने से मां ने इनकार कर दिया। इस बात से नाराज होकर कलयुगी बेटे लखन ने तैश में आकर अपनी मां पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार कर दिए। पत्थर से सिर पर हुए इस घातक हमले के कारण बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही डभरा थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे लखन माली को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच में जुट गई है कि विवाद की मुख्य वजह क्या थी और क्या आरोपी किसी नशे की हालत में था।
