रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले झिकाबहाल गांव के पास दो कोयला लदे ट्रेलरों के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ही वाहनों में तुरंत भयानक आग लग गई। इस दुर्घटना में एक ट्रेलर के ड्राइवर की मौके पर ही जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर के ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग (फायरब्रिगेड) को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियाँ मौके पर पहुँचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मृतक ड्राइवर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
