बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शहर के व्यस्ततम इलाके गांधी चौक पर एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां अविनाश इलेक्ट्रिकल्स के संचालक अविनाश चौधरी शातिरों की कतरब्योंत का शिकार हो गए। बाइक सवार अज्ञात अपराधी व्यवसाई के हाथ से करीब 1 लाख 20 हजार रुपये कीमत का कीमती मोबाइल फोन छीनकर रफूचक्कर हो गए।
इस अप्रत्याशित घटना के तुरंत बाद पीड़ित व्यापारी अविनाश चौधरी ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने व्यापारी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। हालांकि, भागते समय आरोपियों की यह पूरी करतूत पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर हुलिए के आधार पर लुटेरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
