कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरों के हौसले बुलंद हैं, जहां अब वे रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों को निशाना बनाने से भी नहीं कतरा रहे हैं। ताजा मामला शहर के व्यस्ततम इलाके प्रेस कॉम्प्लेक्स का है, जहां एक बेखौफ चोर ने एयर कंडीशनर (AC) के कीमती कॉपर पाइप पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चोर अपनी पहचान छिपाने के लिए सिर पर गमछा बांधकर पहुंचा था। उसने बेहद शातिराना अंदाज में कुछ ही मिनटों के भीतर वारदात को अंजाम दिया और रफूचक्कर हो गया। प्रेस कॉम्प्लेक्स जैसे सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में इस तरह की घटना से स्थानीय व्यापारियों और लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
फिलहाल, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर चोर की तलाश और आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
