बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से सुशासन तिहार शिविर के दौरान एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोर रहा है। दरअसल, सरकार द्वारा आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार शिविर में अमूमन लोग सड़क, पानी, बिजली या राशन कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग लेकर पहुंचते हैं।
लेकिन बेमेतरा के कटई गांव में आयोजित शिविर में उस वक्त अधिकारी और कर्मचारी दंग रह गए, जब एक युवक ने विकास कार्यों के बजाय शराब प्रेमियों के हित में एक अनोखी मांग रख दी। युवक का यह अजीबोगरीब मांग पत्र अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
कटई के इस सुशासन तिहार शिविर में पहुंचे युवक ने बकायदा लिखित आवेदन सौंपकर सरकार से मांग की है कि राज्य में महिलाओं के लिए बनाई जा रही ‘महतारी सदन’ की तर्ज पर अब पुरुषों या शराब पीने वालों के लिए ‘मंदहा सदन’ (मदिरालय या शराब प्रेमियों के बैठने का स्थान) का निर्माण कराया जाए। युवक का तर्क है कि गांव-गांव में शराब पीने वालों के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसलिए प्रशासन को हर गांव में पियक्कड़ों के बैठने और उनके मनोरंजन के लिए एक व्यवस्थित जगह तय करनी चाहिए।
शिविर के गंभीर माहौल के बीच आए इस अतरंगी आवेदन ने न सिर्फ वहां मौजूद अधिकारियों को सोच में डाल दिया, बल्कि अब यह मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन चुका है।
