अम्बिकापुर। सरगुजा जिले की गांधीनगर पुलिस ने आपसी रंजिश के कारण जानलेवा मारपीट करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपित लल्ला यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपित पुलिस रिकॉर्ड में एक सूचीबद्ध ‘निगरानी बदमाश’ है, जिसके खिलाफ पूर्व में जिलाबदर की कड़ी कार्रवाई भी की जा चुकी है। घटना के बाद से ही वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था, जिसे आखिरकार पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह पूरा मामला पिछले साल का है। डिगमा नेहरूनगर निवासी 24 वर्षीय प्रार्थी हर्षित चक्रवर्ती (पिता मृत्युंजय चक्रवर्ती) के साथ 10 जनवरी 2025 को मेडिकल कॉलेज चौक, बिसुनपुर के पास आरोपितों ने पुरानी रंजिश को लेकर बर्बरतापूर्वक मारपीट की थी, जिससे हर्षित को गंभीर चोटें आई थीं। इस मामले में गांधीनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सह-आरोपितों वितीत बोस, शिवम मिश्रा उर्फ देवेंद्र, आयुष जायसवाल और आर्यन ढाली को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, मुख्य आरोपितों में शामिल लल्ला यादव पुलिस की पकड़ से दूर भाग रहा था।
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर, थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण द्विवेदी के नेतृत्व में गांधीनगर पुलिस टीम ने 18 मई 2026 को चौपाटी के पास घेराबंदी कर फरार आरोपित लल्ला यादव को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ दर्ज अपराध के तहत उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रवीण द्विवेदी के साथ सहायक उपनिरीक्षक सुभाष ठाकुर, अभिषेक दुबे और आरक्षक कुंदन पांडेय की सराहनीय भूमिका रही।
