बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ वन परिक्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक दर्दनाक नतीजा सामने आया है, जहाँ एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो की चपेट में आने से एक हिरण की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार सुबह फूडरी इलाके के पास उस वक्त हुआ, जब वन्यप्राणी सड़क पार कर रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गीदम रोड से छोटे तुमनार की ओर जा रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक CG 17 CG 5059) की रफ्तार इतनी अधिक थी कि टक्कर लगते ही हिरण ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
भैरमगढ़ वन परिक्षेत्र (सामान्य) के रेंजर जे.के. साहू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। वन विभाग द्वारा मृत हिरण के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई पूरी की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्रों से गुजरने वाली सड़कों पर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पर गहरा रोष जताते हुए मांग की है कि संवेदनशील वन क्षेत्रों में तत्काल स्पीड ब्रेकर, वन्यजीव कॉरिडोर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
