बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला अंतर्गत ग्राम डूमरखी में शनिवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सरपंच के कुएं में एक 50 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान पुरान पारा निवासी लखपतिया (पति सूदन) के रूप में हुई है, जो बीते गुरुवार से रहस्यमयी ढंग से लापता थी।
परिजनों द्वारा लगातार की जा रही तलाश के बीच, शनिवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में तैरता हुआ शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही बलरामपुर कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
कोतवाली प्रभारी टीआई भापेंद्र साहू ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, मौत की असल वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन दो दिनों से लापता महिला का शव सार्वजनिक कुएं में मिलने से गांव में कई तरह की आशंकाएं और अटकलें लगाई जा रही हैं।
पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और घटना के हर संभावित पहलू, जिसमें दुर्घटना या साजिश दोनों शामिल हैं, की गहनता से पड़ताल कर रही है। इस दुखद घटना के बाद से डूमरखी गांव में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त है।
