सक्ति. छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में रविवार को एक बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान 610 धर्मांतरित लोगों ने पुनः अपने मूल हिंदू धर्म को स्वीकार किया. सिद्ध हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम ने क्षेत्र में खासा ध्यान आकर्षित किया, जहां वैदिक रीति-रिवाजों और पारंपरिक अनुष्ठानों के बीच सभी परिवारों की सम्मानपूर्वक वापसी कराई गई.
धर्म जागरण समन्वय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय घर वापसी अभियान के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव स्वयं मौजूद रहे. उन्होंने सभी परिवारों के चरण पखारकर उनकी पुनर्वापसी की प्रक्रिया पूरी कराई, जो आयोजन का सबसे भावुक और प्रमुख क्षण रहा.
पूरे कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण, धार्मिक अनुष्ठान और पारंपरिक विधियों के साथ लोगों का स्वागत किया गया. आयोजकों ने बताया कि यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन परंपरा की समावेशी भावना और सांस्कृतिक जागरण का प्रतीक है. इस पहल की प्रेरणा स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव द्वारा शुरू किए गए ‘घर वापसी अभियान’ से ली गई है.
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे सनातन धर्म के संरक्षण और राष्ट्रहित के लिए इस अभियान को आगे भी जारी रखेंगे. कार्यक्रम में संत समाज, धर्मप्रेमी नागरिकों और कई सामाजिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
