रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां खमतराई पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनकी अवैध बिक्री की तैयारी चल रही थी. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.
पुलिस को सूचना मिली थी कि रांवाभाटा क्षेत्र के बंजारी मंदिर के पास एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर जमा कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेच रहा है. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और मौके से संजय साव, निवासी ट्रांसपोर्ट नगर रावाभाठा को गिरफ्तार कर लिया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 16 भरे हुए इंडियन एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए, जिनकी कीमत लगभग 64 हजार रुपये बताई जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी इन सिलेंडरों को अवैध तरीके से अधिक कीमत पर बेचने की तैयारी में था.
पुलिस ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है और आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में इस्तगासा क्रमांक 03/26 के तहत धारा 106 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की गई है. साथ ही इस पूरे मामले की जानकारी खाद्य विभाग को भी भेजी जा रही है, ताकि आगे की जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
