बस्तर. छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां रविवार सुबह एक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के घोटिया गांव में बोलेरो वाहन की चपेट में आने से तीन वर्षीय मासूम रोहन टेकाम की मौके पर ही मौत हो गई. रोहन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और तीन बहनों के बीच सबसे छोटा, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
जानकारी के अनुसार, रोहन अपने घर के पास अन्य बच्चों के साथ सड़क किनारे खेल रहा था. इसी दौरान वह सड़क पार करने लगा और तेज रफ्तार बोलेरो की चपेट में आ गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई. हादसे के तुरंत बाद वाहन चालक ने मानवता दिखाते हुए गाड़ी रोकी और घायल बच्चे को लोहंडीगुड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव के लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
