बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को कड़ा रुख अपनाते हुए व्यापक कार्रवाई की. जिले के अलग-अलग इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 5 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत कुल 8 वाहनों को जब्त कर पुलिस के हवाले किया गया, जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है.
कलेक्टर के निर्देश और खनिज विभाग के उप संचालक के मार्गदर्शन में गठित टीमों ने निरतु, सेंदरी, तुरकाडीह, लोखंडी, कोनी, बिरकोना और सरकंडा क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया. इस दौरान कई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के खनिजों का परिवहन करते पाए गए, जिन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर लिया गया.
सरकंडा क्षेत्र में गिट्टी और रेत का अवैध परिवहन करते हुए तीन हाइवा पकड़े गए, जबकि निरतु और तुरकाडीह से एक-एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई. लोखंडी में भी टीम ने दबिश देकर एक हाइवा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा. इसके अलावा अशोक नगर क्षेत्र से मुरुम ढोते हुए एक अन्य हाइवा को भी जब्त किया गया. सभी जब्त वाहनों को सरकंडा और कोनी थाना पुलिस की निगरानी में रखा गया है.
