जशपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के दौरान अवैध परिवहन और बिचौलियों पर लगाम लगाने के लिए जशपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत बांसबहारा चौक के पास अवैध रूप से धान का परिवहन करते एक पिकअप वाहन को पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिकअप सहित 70 बोरियों में लदे करीब 30 क्विंटल धान को जप्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है। जप्त धान की अनुमानित कीमत लगभग 69 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में धान खरीदी सीजन को देखते हुए सरहदी राज्यों से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने का प्रयास किया जा रहा है। इसे रोकने के लिए जिला पुलिस और प्रशासन द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में नाकाबंदी, संदिग्ध वाहनों की जांच और नियमित पेट्रोलिंग की जा रही है। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। इसी दौरान 27 दिसंबर 2025 की शाम करीब 8:30 बजे चौकी दोकड़ा पुलिस पेट्रोलिंग पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से ग्रामीण रास्तों के जरिए एक सफेद रंग की पिकअप वाहन क्रमांक OD-16-P-3960 में भारी मात्रा में धान लाकर बांसबहारा-बंदरचुआ की ओर ले जाया जा रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बांसबहारा चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में 70 बोरियों में भरा कुल 30 क्विंटल धान पाया गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम नरेंद्र गुप्ता, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम कुंजारा-नीमटोली, थाना कुनकुरी बताया और धान को अपना बताया। जब पुलिस ने धान से संबंधित वैध दस्तावेज और मंडी टोकन प्रस्तुत करने को कहा तो वह कोई भी कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद अवैध धान परिवहन की आशंका पर पिकअप वाहन सहित धान को जप्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी दोकड़ा उप निरीक्षक अशोक यादव, प्रधान आरक्षक संजय नागवंशी, कृपासिंधु तिग्गा, आरक्षक सुरेंद्र यादव और जय प्रताप एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गौरतलब है कि जशपुर पुलिस अब तक अवैध धान परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों से कुल 7 ट्रक, 21 पिकअप और 2 ट्रैक्टर के माध्यम से ले जाए जा रहे 1,899 क्विंटल अवैध धान को पकड़कर जिला प्रशासन को सौंपा गया है।
इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि दोकड़ा क्षेत्र में अवैध धान परिवहन करते एक पिकअप से 30 क्विंटल धान जप्त किया गया है। अवैध धान परिवहन पर जशपुर पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
