
नई दिल्ली। देश आज 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है, लेकिन मौसम विभाग ने जश्न के बीच मौसम के तेवर बदलने की चेतावनी दी है। 15 अगस्त को पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना और पश्चिमी मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं, दिल्ली, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, केरल, कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भी बारिश के आसार हैं।
कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है, जबकि रायलसीमा, अंडमान-निकोबार, बिहार, झारखंड और तेलंगाना में 30-50 किमी प्रति घंटे की हवाओं के साथ गरज-बरस का दौर रहेगा।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस पर हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना है। तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 24 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि लखीमपुर खीरी, हरदोई, कन्नौज, मुरादाबाद, बरेली, झांसी और ललितपुर समेत 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी हुआ है। साथ ही 36 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।