Surguja: सेप्टिक टैंक के गड्ढे में डूबने से मासूम की मौत, सदमे में परिजन

अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..घर के बाजू में सेप्टिक टैंक निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से 12 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। अकस्मात हुए इस घटना से पूरा परिवार सदमे में आ गया है। थाने में सूचना के बाद पुलिस ने इस मामले में मार्ग कायम कर लिया है।

Random Image

जानकारी अनुसार ग्राम भवराडाँड़ निवासी मुनेश्वर एक्का द्वारा अपने घर के बाजू में सेप्टिक टैंक निर्माण के लिए गड्ढा खुदवाया गया था। जो गहरा होने के साथ ही बारिश के कारण पानी से लबालब भर गया था। जिसमे दोपहर एक बजे के करीब मुनेश्वर का लड़का प्रताप एक्का एवं भतीजा विराट लकड़ा आ० मोहन लकड़ा नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस बीच प्रताप ने हिम्मत से काम ली और खुद को डूबने से बचा लिया। जिसके बाद उसने मदद के लिए लोगो को आवाज लगाई। इस दौरान वह विराट को भी गड्ढे से बाहर निकालने की कोशिश की पर नही निकाल सका। उसकी आवाज सुन आसपास मौजूद लोग वहाँ पहुँचे और विराट को गड्ढे से बाहर निकाला।

जिस दौरान यह घटना घटी उस वक्त मुनेश्वर अपनी पत्नी एवं बेटी के साथ सीतापुर आया हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही उसने फौरन बच्चे को लेकर हॉस्पिटल आने की बात कही। जिसके बाद बच्चे को हॉस्पिटल लाया गया। जहाँ स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में मर्ग कायम करते हुए पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिया। इस घटना के बाद माता पिता समेत परिवार सदमे में आ गया है।

मृतक मौसी के यहाँ रहकर पढ़ाई करता था

मृतक विराट ग्राम रजौटी निवासी मोहन लकड़ा का छोटा बेटा था। जो भवराडाँड़ निवासी अपनी मौसी के यहाँ विगत 4 सालों से रह रहा था। जहाँ रहकर वो स्वामी आत्मानंद स्कूल देवगढ़ में पढ़ाई करता था। मुनेश्वर एक्का मृतक के मौसा थे। इस घटना के बाद से दोनों परिवार के घरों में मातम छा गया है।