अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ में सरगुजा जिले के अम्बिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जयस्तंभ चौक के पास दुर्गा पूजा पंडाल द्वारा सड़क पर तार लगाए जाने से हुए हादसे के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मायापुर निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 16 अक्टूबर की शाम करीब 6:50 बजे उन्हें मोबाइल फोन पर सूचना मिली कि उनका भाई फैजान अपने साथी समीर के साथ जयस्तंभ चौक स्थित यामाहा शोरूम के पास सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा है।
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि फैजान के गले में रस्सी, जीआई तार और बिजली का तार फंसा हुआ था तथा करंट लगने के कारण उसके गले पर जलने के गहरे काले निशान थे।
एफआईआर में उल्लेख किया गया है कि स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद फैजान को मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने अपनी रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि जागृति समिति मंडल जयस्तंभ चौक के आयोजक सुरेश कन्नौजिया एवं संदीप अग्रवाल द्वारा संचालित दुर्गा पंडाल के सामने बीच सड़क पर बिना किसी संकेतक या प्रकाश व्यवस्था के लापरवाहीपूर्वक रस्सी, जीआई तार और बिजली के तार बांधे गए थे।
इसी तार में फंसने और करंट लगने से बाइक सवार फैजान की जान चली गई। अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आयोजकों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 126(A) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
